प्रधानमंत्री के दौरे के लिए तैयार हो रहा कुरुक्षेत्र आनंदपुर साहिब जैसा नजर आएगा कुरुक्षेत्र का मैदान 170 एकड़ में तैयार हो रहा पंडाल। - eRealNews.Com
  • Home
  • Home
  • प्रधानमंत्री के दौरे के लिए तैयार हो रहा कुरुक्षेत्र आनंदपुर साहिब जैसा नजर आएगा कुरुक्षेत्र का मैदान 170 एकड़ में तैयार हो रहा पंडाल।

प्रधानमंत्री के दौरे के लिए तैयार हो रहा कुरुक्षेत्र आनंदपुर साहिब जैसा नजर आएगा कुरुक्षेत्र का मैदान 170 एकड़ में तैयार हो रहा पंडाल।


PM Visit in Haryana : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को हरियाणा के दौरे पर आने वाले हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनो में बहुत खास होने वाला है। इस दौर में जहां प्रधानमंत्री गुरु तेग बहादुर के 350वें सालाना शहीदी दिवस में शामिल होंगे वहीं प्रधानमंत्री गीता जयंती कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। शाम के समय प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर महाआरती में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सरकार से लेकर संगठन और कुरुक्षेत्र में धार्मिक गुरुओं ने तैयारी का अभियान तेज कर दिया है।

राजस्थान और यूपी के सैकड़ो कारीगर लगे काम पर

राजस्थान से लेकर उत्तरप्रदेश तक के सैंकड़ों श्रमिक व कारीगर दिन-रात एक किए हुए हैं। जहां धान कटाई के बाद ज्योतिसर व इंदबड़ी गांव के दर्जनों किसानों की इस जमीन पर 200 बाई 700 मीटर के मुख्य पंडाल के अलावा 30 बाई 60 मीटर में गुरु तेग बहादुर व उनके परिवार के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, 100 बाई 200 मीटर में वीआईपी लॉज, 40 एकड़ में पार्किंग से लेकर, तीन हेलिपेड, दो लंगर हॉल के अलावा वीवीआईपी लॉज तक तैयार किए जा रहे हैं।

10 फीट ऊंचे स्टेज पर सजेगा गुरू ग्रंथ साहिब

मुख्य पंडाल में ही 10 फीट ऊंचे स्टेज पर गुरु ग्रंथ साहिब सजाया जाएगा। मुख्य मंच के एक ओर प्रदेश भर के मंत्री व अन्य वीआईपी के बैठने के लिए मंच बनाया जाएगा तो वहीं दूसरी ओर एचएसजीएमसी के सभी 49 सदस्यों के लिए मंच तैयार किया जाएगा। यहां अन्य सिख नेता व वीआईपी भी बैठ सकते हैं। सभी तैयारी पीएमओ के दिशा-निर्देशानुसार की जा रही है।

पहले कीर्तन होगा फिर पीएम का संबोधन

अभी तक तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्य पंडाल में पहले पटियाला से 350 बच्चे कीर्तन करेंगे तो इसी दौरान गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश होगा। इसके बाद ही प्रधानमंत्री संबोधन करेंगे।

पांचों अकाल तख्त को दिया गया न्योता : झींडा

एचएसजीएमसी प्रधान जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि सभी अकाल तख्तों अमृतसर साहिब, दमदमा साहिब, पटना साहिब, आनंदपुर साहिब, हरमिंद्र साहिब व नांदेड़ साहिब के जत्थेदारों को भी न्योता दिया गया है। कमेटी की प्रशासन के साथ लगातार बैठक चल रही है तो मंगलवार को भी आयोजन स्थल का डीसी व एसपी के साथ जायजा लिया था।

समागम स्थल के लिए वॉटरबॉडी से गुजरेगी संगत
वाहनों की आवाजाही नेशनल हाईवे 152 डी की ओर से रखी जाएगी और यहां पहुंचते ही इंदबड़ी की ओर पार्किंग होगी। पार्किंग के साथ ही प्रवेश द्वार होगा। इसके बाद संगत विशेष तौर पर तैयार की जा रही वॉटर बॉडी से गुजरते हुए समागम स्थल में प्रवेश करेगी। इसी समागम स्थल के दोनों ओर लंगर हॉल होंगे। वहीं, समागम के मुख्य पंडाल के करीब 150 मीटर दूरी पर ही तीन हेलिपेड का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। इन हेलिपेड को मुख्य पंडाल, पिहोवा रोड और ज्योतिसर गांव की सड़क से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए तीनों ओर सड़क तैयार की जाएगी। यही नहीं इंदबड़ी जाने वाली सड़क से लेकर मुख्य पंडाल तक भी एक सड़क तैयार की जाएगी।

प्रदर्शनी में बयां होगा पूरा संघर्ष

मुख्य पंडाल के साथ ही 30 बाई 60 मीटर एरिया में प्रदर्शनी तैयार की जा रही है जिसका 50 फीसदी से ज्यादा कार्य पूरा किया जा चुका है। इसमें श्री गुरु तेग बहादुर जी व उनके परिवार के पूरे जीवन व संघर्ष को चित्रों के जरिये दर्शाया जाएगा। यही नहीं पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में पूरा विवरण भी दर्ज होगा।

किसानों की बल्ले-बल्ले भी, चिंता में भी डूबे

धान कटाई के साथ ही कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने यह जमीन किराए पर ले ली है, जिसकी एवज में 61 हजार रुपये प्रति एकड़ दिया जाना तय किया गया है। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर से पहले किसानों को तय रकम जारी कर दी जाएगी। ऐसे में जहां किसानों की बल्ले-बल्ले है वहीं वे चिंता में भी डूबे दिखाई देने लगे हैं। किसानों का कहना है कि वे कार्यक्रम के बाद दूसरी फसल कर पाएंगे, जिससे दोहरा फायदा होगा लेकिन दोबारा से खेत को उसी रूप में तैयार करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।

1200 सिख सुरक्षाकर्मी संभालेंगे कमान

कार्यक्रम में प्रदेश प्रदेश से लाखों की संख्या में संगत पहुंचने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में कोई बेअदबी न हो, इसके लिए सरकार की ओर से ही करीब 1200 सिख सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। यहीं नहीं एचएसजीएमसी की ओर से भी करीब 500 कर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये सभी कर्मी मुख्य पंडाल के अलावा, जोड़ा घर व पार्किंग एरिया में भी तैनात रहेंगे।

हटाई जा रही बिजली लाइनें, मैदान के रूप में दिखने लगे खेत

कार्यक्रम की तैयारियों के चलते करीब 170 एकड़ खेत मैदान के रूप में दिखाई देने लगे हैं। दर्जनों मशीनों के जरिए इन्हें समतल कर दिया गया है। यहां तक कि बिजली की लाइनें भी हटाई जा रही हैं। करीब 40 बिजली के खंभे भी शिफ्ट किए जाने का कार्य किया जाने लगा है। यहीं नहीं कईं एकड़ खेत में खड़ी गन्ने की फसल की कटाई करने की भी चर्चा की जाने लगी है। इस मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 145 एकड़ तक करना था लेकिन बाद में विस्तार किया गया। अब कुछ एकड़ गन्ने की फसल की कटाई की भी तैयारी है। इसी के आसपास ही हेलिपैड बनाए जाने हैं। किसानों का कहना है कि खेतों की सीमा भी खत्म हो चुकी है। फिलहाल यह कोई नहीं बता पाएगा कि किसका खेत कहां है। ऐसे में बाद में चिह्नित करना भी आसान नहीं होगा।

Releated Posts

ऐलनाबाद: 5 गांवों को मिलेगी खारे पानी से मुक्ति, करोड़ों की लागत से नहरी वाटर वर्क्स का निर्माण कार्य जोरों पर

[ऐलनाबाद/सिरसा]ऐलनाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र के पांच गांवों को जल्द…

ByByeRealNews.com Network Jan 13, 2026

हकृवि की नई उपलब्धि: मधुमक्खी बक्से के ‘मल्टीपरपज डिस्पेंसर’ को मिला पेटेंट

हकृवि को मधुमक्खी मल्टीपरपज डिस्पेंसर के लिए मिला पेटेंट, कुलपति ने वैज्ञानिक को दी बधाई हिसार: चौधरी चरण…

ByByeRealNews.com Network Jan 7, 2026

‘इमारतों से नहीं, मानवीय मूल्यों से बनता है राष्ट्र’ – अटल स्मृति सम्मेलन में बोले अमीर चंद मेहता

ऐलनाबाद (सिरसा), 28 दिसंबर 2025:ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी…

ByByeRealNews.com Network Dec 28, 2025