ऐलनाबाद:मानव संरक्षण कल्याण संगठन की एक विशेष बैठक रविवार (22 दिसंबर 2025) को हुड्डा कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सतवीर ठाकुर और शहरी अध्यक्ष सुमीत गोयल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 28 दिसंबर 2025 (रविवार) को ‘शहीद उधम सिंह जयंती’ के उपलक्ष्य में संस्था के कार्यालय के समक्ष एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में सिरसा के वरदान चैरिटेबल ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहेगा।
समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर है संगठन
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि मानव संरक्षण कल्याण संगठन पूरे भारतवर्ष में रक्तदान सेवा के अलावा अन्य सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी समाज को जरूरत पड़ी है, संगठन के सदस्य तन-मन-धन से सेवा के लिए तत्पर रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी एकजुटता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने की कामना की।
रक्तदान से बचती है जान: सतवीर ठाकुर
प्रदेश अध्यक्ष सतवीर ठाकुर ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे किसी की अमूल्य जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि संगठन पिछले 12 वर्षों से मानवाधिकारों की रक्षा के साथ-साथ रक्तदान शिविरों के माध्यम से रक्त की कमी को पूरा करने का प्रयास कर रहा है।
सिरसा जिला रक्तदान में नंबर वन
संगठन के जिला सचिव ओ.पी. पारीक और नवनियुक्त उपाध्यक्ष बलवीर सिंह सैनी ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सिरसा जिला सामाजिक संस्थाओं की मेहनत के कारण रक्तदान के क्षेत्र में हरियाणा में पहले स्थान पर है। उन्होंने सिरसा के ‘रक्त वीरों’ को सैल्यूट करते हुए कहा कि यहाँ रक्तदान के लिए युवाओं में एक अलग ही जुनून देखने को मिलता है।
स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है रक्तदान: डॉ. कमलेश सैनी
महिला अध्यक्ष डॉ. कमलेश सैनी ने रक्तदान के चिकित्सकीय फायदे बताए। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर से दूषित रक्त बाहर निकल जाता है और नया खून बनता है, जिससे शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान से कोई कमजोरी नहीं आती और हर स्वस्थ व्यक्ति को 3 महीने में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
इन सदस्यों की लगाई गई ड्यूटियां
शहरी अध्यक्ष सुमीत गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम सुंदर परिहार और सचिव भजनलाल गर्ग ने आगामी शिविर के लिए सदस्यों की ड्यूटियां निर्धारित कीं और उन्हें गंभीरता से निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज से बुराइयों को खत्म करना और हर व्यक्ति को न्याय दिलाना है।
इस अवसर पर ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से शहरी उपाध्यक्ष अजीत यादव, संरक्षक बी.एम. नागर, अतुल कुमार, जितेंद्र राजपुरोहित, दिलीप प्रजापति, सुनील कुमार, अनिल सोढ़ी, राधाकृष्ण पटीर, डॉ. बलराज कालवा, विनोद सोलंकी, पुरुषोत्तम कुमार और मंजू सैनी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



