[ऐलनाबाद/सिरसा]
ऐलनाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र के पांच गांवों को जल्द ही खारे भूजल की समस्या से निजात मिलेगी और घरों में नहरी मीठा पानी पहुंचेगा। भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष समिन्द्र कम्बोज और वरिष्ठ भाजपा नेता अमीर चन्द तलवाड़ा के अथक प्रयासों से मौजू की ढाणी में स्वीकृत ‘नहरी पानी वाटर वर्क्स’ का निर्माण कार्य अब प्रगति पर है।
लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता
भाजपा मंडल अध्यक्ष समिन्द्र कम्बोज ने जानकारी देते हुए बताया कि जब वे पंचायत समिति वार्ड नंबर 6 के निर्वाचित सदस्य थे, तब उन्होंने क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। यहाँ का भूजल खराब और पीने योग्य नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने वरिष्ठ नेता अमीर चन्द तलवाड़ा के सहयोग से हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री के समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत कर उन्हें जमीनी हकीकत से अवगत करवाया था।
4 नवंबर से शुरू हुआ निर्माण कार्य
प्रशासन और सरकार ने समस्या की गंभीरता को समझते हुए तुरंत नहरी पानी आधारित वाटर वर्क्स परियोजना को मंजूरी दी। 4 नवंबर 2024 को इस परियोजना का विधिवत निर्माण कार्य शुरू किया गया था। मौके पर जलघर के टैंक और बिल्डिंग का ढांचा तैयार किया जा रहा है और कार्य तेज गति से चल रहा है।
इन 5 गांवों की बुझेगी प्यास
इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के पांच प्रमुख गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें शामिल हैं:
- मौजू की ढाणी
- थोबरिया
- मिर्जापुर
- तलवाड़ा खुर्द
- दया सिंह थेड़
समिन्द्र कम्बोज ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही यह परियोजना इलाके के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों की ओर से वरिष्ठ नेता अमीर चन्द तलवाड़ा और हरियाणा सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस क्षेत्र की पेयजल समस्या की सुध ली और उसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होगा और ग्रामीणों को शुद्ध नहरी पेयजल उपलब्ध होगा।





